कभी कभी लगता है जब हर बात, हर काम पहले से ही तय है और रब की मर्ज़ी के बिना एक पत्ता तक नहीं हिलता है तो हम किस बात की चिंता में अपने क़ीमती लम्हों को खो देते हैं.
क्या हमारे इस तरह फ़िक्र करने से परेशानी ख़त्म हो जाती है.नहीं ना...हमारे इख्तियार में तो सिर्फ पूरी ईमानदारी से मेहनत करते हुए आगे बढ़ते जाना है.अच्छे कर्म और मेहनत साथ लेकर और बाकी सब अपने रब को सौंप कर हमें खुशी खुशी अपनी मंज़िल की तरफ़ बढ़ना चाहिए.

ज़िंदगी हर लम्हा हर पल एक सीख देती है.ज़रा सा गौर करें और रात को सोने से पहले अपनी पूरी दिनचर्या पर एक नज़र डालें तो शायद आप हैरान होंगे की बगैर सोचे समझे भी आपने छोटी बड़ी कई सीख आज ले लीं होंगी.

कुदरत इसी तरह से धीरे-धीरे बगैर शोर मचाये हमें सिखाती रहती है.रोज नयी दिक्कतें, मुश्किलें, कामयाबियाँ, खुशी के पल, उदासी, लड़ाई झगड़ा ऐसा लगता है कि सब पहले से ही तय किया जा चुका हो.

हमारा उन मुश्किलों में गिरना, गिरकर उठना, उदास होना या खुश होना या फिर ना चाहते हुए ऐसे कुछ काम करना जिसमें हमारा मन भी नहीं लगता हो इन्हीं सब से हमें सब्र की , हौसले की, सहन करने की, उम्मीद ना छोड़ने की सीख मिलती है.

कुदरत आपको इसी तरह उलटते पलटते सिखाते हुए आपकी मंज़िल तक पहुँचा देती है. इसीलिए जो हो रहा है वो आपके लिए अच्छा है जो नहीं हुआ वो आपके लिए अच्छा नहीं था मानकर धैर्य के साथ अपने हिस्से के कार्य पूरी ईमानदारी से करते रहे.

और कामयाबी ???
फिर कामयाबी का क्या है आपकी मेहनत एक ना एक दिन उसे ढूँढ ही लेगी.

ज़मीं की कैसी वकालत हो फिर नहीं चलती
जब आसमाँ से कोई फ़ैसला उतरता है

खुली छतों के दिए कब के बुझ गए होते
कोई तो है जो हवाओं के पर कतरता है

तुम आ गए हो तो कुछ चाँदनी सी बातें हों
ज़मीं पे चाँद कहाँ रोज़ रोज़ उतरता है
NOOR EY ISHAl