"साँप" उसने ज़ोर से चीखना चाहा तो धन्नाराम ने उसके मुँह पर हाथ रख दिया

"अरी बावली, मैं हूँ.. मुँह बंद रख अपना. हमरा गमछा है वो जिसे तू साँप समझ रही है."

"हे राम, संतो के बापू आज तो तूने डर से जान ही निकाल देनी थी. क्यूँ आया है इधर.. पुलिस कुत्तों के साथ तुझे खोजती फिर रही है.घर के दो चक्कर लगा चुकी है."

"मैं किसी से नहीं डरता हूँ.. बहुत भाग चुका हूँ अब और नहीं भागना है बिंदिया. "

" पागल हो गया है तू,जिन पुलिस वालों को दबंगों ने अपनी तरफ कर लिया हो तू उनसे लड़ेगा. हम सब मार दिये जाएँगे. मुकाबला करने का इतना ही शौक़ है तो पूरे सबूत के साथ सामने आ.

इससे पहले कि पुलिस के कुत्ते पुलिस वालों को लेकर तुझे ढूँढते हुए यहाँ आ जाएँ तू निकल जा जल्दी यहाँ से "बिंदिया ने उसे धकेलते हुए कहा

" ठीक है बिंदिया.. मैं जल्दी वापस आ जाऊँगा. मेरी संतो का ध्यान रखना. उसे अकेले कहीं मत जाने देना. "

" मैं सब सम्भाल लूँगी तू बस यहाँ से जा. सुन बहुत सर्दी है ये काला कंबल ओढ़कर निकल जा. "

" बिंदिया तू अपना भी ध्यान रखना. "

" हाँ "इससे आगे कुछ नहीं कह पायी गला रुंध गया था. उसे जाता नहीं देख पा रही थी.इतनी सर्दी में पता नहीं कहाँ कहाँ भटकता रहेगा.

_______________________________________________

" दो चाय दे रे "

" अरे दरोगा जी आप.. इतनी ठंड में ड्यूटी चैन से नहीं बैठने देती है. पुलिस वालों ki नौकरी बड़ी ही मुश्किल होती है. "

" अच्छा ज़्यादा  .... मक्खनबाजी ना कर .. तेरी इस चाय की दुकान के सामने धन्नाराम का घर है नजर रखना उस घर पर कौन आता है? कौन जाता है?सेठ के पूरे पचास लाख लेकर भागा है.. हम भी देखते हैं कब तक भागेगा. "

" आप रामू के होते हुए फिक्र ना करें दरोगा साहब. समझो एक अपना मुखबिर आपने इस दुकान पर छोड़ा हुआ है."

"बातें बहुत बनाता है अगर कोई लापरवाही हुई तो सीधा जेल में डाल दूँगा. "

" कैसी बात करते हैं साहब.. आपसे से बैर लेके रामू यहाँ अपनी दुकान नहीं चला पायेगा. धन्नाराम के घर की तरफ से आप निश्चिंत रहें. "

_______________________________________________

" बिंदिया ओ बिंदिया, संतोsss कोई है क्या? "

" अरे रामू कैसे आना हुआ? "

" बिंदिया, धन्नाराम पर पुलिस बहुत कड़ी नजर बनाये हुए है.. उसे संदेसा भिजवा दो अभी इस इलाके की तरफ बिलकुल ना आये. आज ही दरोगा ने मुझे तेरे घर पर नजर रखने को कहा है."

"ठीक है रामू, कल धन्नाराम यहाँ आया था. मैंने बता दिया है उसे."

" रामू ssssss, बिंदियाss ग़ज़ब हो गया.. धन्नाराम ने दरोगा जी के सामने आत्म समर्पण  कर दिया है "धन्नाराम का पड़ोसी हरिया भागता हुआ आया

" हे भगवान.. ये धन्नाराम कभी किसी की नहीं सुनता है. "

बिंदिया अपना सिर पकड़कर ज़मीन पर बैठते हुए बोली

" अब कुछ नहीं हो सकता है बिंदिया.. सब खत्म...बिंदिया अब बता तू क्या करेगी, कैसे छुड़ायेगी धन्नाराम को.. कहाँ से ज़मानत का पैसा आयेगा.. ये तूने क्या किया रे धन्ना" बिंदिया को इस समय कुछ होश नहीं था.

" बिंदिया, सम्भाल अपने आप को. मैं हूँ ना तेरे पास. जब तक रामू है तुझे और संतो को किसी बात के लिये फिक्र करने की जरूरत नहीं है. मैं धन्नाराम की ज़मानत कराऊँगा "

_______________________________________________

" बिंदियाsss ग़ज़ब हो गया .. पुलिस हिरासत में धन्नाराम की मौत हो गयी हो.उसे बहुत मारा पीटा गया है. पुलिस वालों ने उसकी लाश दिखाने से मना कर दिया है. सब एक मुँह होकर कह रहे हैं कि धन्नाराम हिरासत से भाग गया था भागते

समय वह ट्रक के नीचे आ गया.."

"धन्नारामsss तूने वापस आने का वादा किया था... "बिंदिया बड़ी मुश्किल से इतना ही कह पायी कि सदमे से बेहोश हो गयी थी.

" काकी, रामू जल्दी आओ, बिंदिया बेहोश हो गयी है."हरिया चिल्लाया

" क्या जाने भगवान भी कैसी कैसी परीक्षाएँ लेने लगते हैं. अच्छा खासा हँसता खेलता परिवार था पता नहीं किसकी नजर लग गयी. अभी थोड़ी देर में होश आ जायेगा. सदमा बहुत गहरा लगा है उसी कारण से बेहोश हो गयी है. "काकी बिंदिया को देखते हुए बोली

" चलो भाई, सब अपने घर को जाओ, अभी इसे भी आराम की जरूरत है..आओ कोशिश करते हैं कि धन्नाराम की लाश पुलिस दे दे. "रामू बिंदिया के घर इकट्ठा हुए लोगों से बोला

______________________________________________

" सरकारी ख़र्चे पर रामू का अंतिम संस्कार कर दिया गया है क्यूँकि लाश बहुत बुरी तरह से बिगड़ गयी थी. पुलिस अपना काम कर चुकी है अपनी सफ़ाई दे चुकी है अगर किसी को आपत्ति है तो मुझसे आकर बात करे. "दरोगा ने रौबदार आवाज़ में थाने के बाहर धन्नाराम की लाश लेने जमा हुए लोगों से कहा

"किसी को क्या शिकायत हो सकती है दरोगा जी, अपना भाई था उसके अंतिम संस्कार की चिंता थी.. चलो भाइयों वापस चलते हैं "रामू ने सबको वापस जाने के लिए कहा. केवल रामू ही नहीं सारे गाँव को पता था कि जिसको भी आपत्ति होगी उसे भी धन्नाराम की तरह निपटा दिया जायेगा.

थाने के बाहर भीड़ छँट चुकी थी.

" यादव, मुझे काम से बाहर जाना है, किसी भी गाँव वाले को थाने के अंदर नहीं आने देना.. धन्नाराम की अस्थि विसर्जन पुलिस ही करेगी. मुझे थाने ले पहरे में कोई लापरवाही नहीं चाहिए. "

"जी सर, ऐसा ही होगा. आप बेफिक्र होकर जाइए."

"गुड"

_______________________________________________

" धन्नाराम ओ धन्नाराम, कहाँ मर  गया है "

" जी साहब, यही हूँ ।"

" भाई तू तो गाँव वालों का बड़ा चहेता निकला. सबके सब इकट्ठा होकर तेरी लाश लेने को आये थे. "

"जी दरोगा साहब, ये मैंने आपको पहले ही बता दिया था. सब प्लान उसी तरह काम कर रहा है जैसे हमने सोचा था. बस एक बात गलत हो गयी है. "

" क्या "

" साहब, बिंदिया कल से बार बार बेहोश हो रही है. यह खबर वह बर्दाश्त नहीं कर पा रही है. मुझे चिंता है कि उसे कुछ हो ना जाये. "

" चिंता ना कर, कुछ नहीं होगा तेरी घरवाली को, कुछ जुगाड़ करना पड़ेगा उसके लिये, रुक जा सोचने दे मुझे. "

" साहब, अब आप ही सोचिये मेरी तो जान निकली जा रही है बिंदिया की तबियत को लेकर. "

" बहुत बढ़िया, इतना बड़ा काण्ड करके डरे नहीं हो और हमें भी शामिल कर लिये हो अब इतनी सी बात से डर लग रहा है वाह गुरु सही है. अच्छा रुक, एक तरकीब आयी है दिमाग़ में "

" श्रीधर, धन्नाराम के घर जा और उसकी बीवी को पकड़कर ले आओ. और सुन कोई बदतमीजी नहीं करनी है वहाँ धन्नाराम की मौत से गाँव वाले बहुत गुस्से में हैं ,बस वही हमें धन्नाराम के पैसों के बारे में बता सकती है नहीं तो गया सारा पैसा किसी को पता नहीं लग पायेगा. "

" मान गये साहब, क्या तरकीब निकाली है. "

" सर, श्रीधर बोल रहा हूँ, यहाँ धन्नाराम के यहाँ बहुत बवाल हो गया है, गाँव वाले हत्थे से उखड़ गये हैं, बिंदिया अभी भी बेहोश पड़ी है. "

" अच्छा तुम वहीं रुको, मैं आ रहा हूँ वहाँ. "

" साहब, बिंदिया... "धन्नाराम का गला रुंध गया था

" हिम्मत से काम ले, सब ठीक होगा, मैं वहाँ जा रहा हूँ. "

_______________________________________________

" क्यूँ, क्या बात है... काहे इतना बवाल काटे हुए हो.."

"सर, इन लोगों का कहना है कि बिंदिया निर्दोष है, इतनी अँधेर नहीं है कि बिंदिया को भी मौत के मुँह में धकेल दें. "

" श्रीधर, इन्हें बताओ कि बिंदिया का बयान लेना है बस. हमें अपना काम तो करना ही पड़ेगा.चलो यहीं बिंदिया का बयान ले लेते हैं. पता करो बिंदिया को होश आया कि नहीं. "

" जी सर, "

" अरे हरिया, क्या बिंदिया को होश आ गया है. "

" जी साब, मगर रोये जा रही है, बात करने की हालत में नहीं है. "

" पुलिस को अपना काम करने दो, सब उसके पास से हट जाओ, दरोगा साब उससे अकेले में पूछताछ करेंगे. "

"दरोगा साब.. धन्नाराम को मारकर चैन नहीं मिला आप लोगों को, जो उसकी बची खुची इज़्ज़त भी खत्म करने चले आए. "

"अरे बिंदिया, काहे इतना हंगामा मचा दिया है, धन्नाराम बहुत परेशान है. "

" क्या, धन्नाराम जिंदा है, "बिंदिया रोते रोते चौंक उठी

" शशशश.. हाँ पगली, रुक तेरी बात करवाता हूँ. "

" धन्नाराम, ये ले बात कर बिंदिया से... समझा दे उसे. "

" हैलो, बिंदिया, कुछ ना बोल बस मेरी सुन, मैं जिंदा हूँ ठीक हूँ, दरोगा जी के घर में छुपा हूँ.. बस तू वैसा करती जा जैसे दरोगा जी कहें. बाकी बातें तुझसे मिलकर बताऊँगा. अपना ख्याल रख. "

" अच्छा बिंदिया अब ध्यान से सुनना बाहर जाकर मैं जो कहूँगा उसमें अपना समर्थन देना है. "

" जी.. "बिंदिया अवाक् सी थी

" हाँ भाईयों, बिंदिया का बयान ले लिया है, उसे कुछ नहीं पता है या बताना नहीं चाहती है कि धन्नाराम ने क्या किया है और वो पैसा कहाँ है. अभी तो हम जात रहे हैं लेकिन बिंदिया की हालत सम्भलते ही आप में से कोई उसे थाने ले आना. उसका बयान दर्ज करना होगा "

_______________________________________________

" यादव, ये धन्नाराम की विधवा आजकल अपना खर्चा पानी कैसे चला रही है. "

" सर, एक दुकान है, लेकिन धन्नाराम के जाने के बाद सामान ना होने के कारण ज़्यादा आमदनी नहीं हो पाती है. "

" अच्छा एक काम कर,बिंदिया से जाकर कहो कि दरोगा जी के घर खाना बनाने का काम सँम्भाल ले. अगर वह हाँ कहे तो उसे घर छोड़ आना. मेरा नौकर अब्दुल उसे सब काम समझा देगा. "

" जी सर "

" धन्नाराम, यादव बिंदिया को लेकर घर आ रहा है.. आज से वो वहाँ खाना बनाएगी. तू अपनी दाढ़ी लगाकर रखना. याद रहे तेरा नाम अब्दुल है. "

" जी साब, याद है. "धन्नाराम बिंदिया के आने की ख़बर सुनकर बहुत ख़ुश था..बिंदिया से मिले पूरा एक महीना हो गया था.

" अब्दुल ये बिंदिया है इसे दरोगा जी ने खाना बनाने का काम दिया है. इसे सब काम समझा देना.

"जी साब, मैं सब काम बता दूँगा."

"अच्छा मैं चलता हूँ "

"जी साब"

"बिंदिया, ये मैं हूँ.. धन्नाराम... कैसी है तू.. "

" मैं ठीक हूँ, धन्नाराम सच सच बता ये किन चक्करों में पड़ गया है रे तू.. अच्छी खासी ज़िंदगी गुज़र रही थी. क्या कर लिया तूने."

"बिंदिया परेशान ना हो सब ठीक हो जायेगा. अभी सब कुछ प्लान के हिसाब से एकदम सही चल रहा है.. सेठ के पचास लाख रुपये मैंने दरोगा जी के कहने पर निकाले थे.

सब काला धन है. सारी प्लानिंग दरोगा जी की है. सेठ ने दरोगा जी की शहर की जमीन हथिया रखी है.. जब किसी तरह उसने उस जमीन पर कब्जा नहीं छोड़ा तो दरोगा जी ने मुझसे उसके पचास लाख रुपये निकलवा लिये. "

" तेरा क्या फायदा हुआ, इल्ज़ाम भी तुझ पर आया, और तुझे मरा हुआ भी दिखा दिया. "

" बस कुछ दिन और सब ठीक हो जायेगा. "

" पता नहीं मुझे तो डर ही लगे जा रहा है, कहीं तुझे कुछ हो गया तो मैं जी नहीं पाऊँगी. "

" चल पगली, इतनी चिंता नहीं करते हैं. अच्छा अब जल्दी से खाना बना ले.. साब आते ही होंगे. मुझे भी पूरा एक महीना हो गया है तेरे हाथ का बना खाना खाये हुए. "

_______________________________________________

" पचास लाख में से बीस लाख तेरे हैं धन्नाराम, बीस लाख मेरे हैं और दस लाख में इस गाँव में अस्पताल,स्कूल और कुछ रोज़गार चलाना है जिससे गाँव के खाली पड़े लोगों को काम मिल जाये. "

" दरोगा जी लेकिन मेरा क्या होगा, मेरी वापसी कैसे होगी? मेरे ऊपर लगे इल्ज़ाम कैसे सही होंगे? "

" तू इसकी चिंता ना कर..हम बैठे हैं ना यहाँ.. बस अपने किडनैप होने की तैयारी कर "

" बिंदिया, कल काम पर नहीं आना है.. दुकान की साफ सफ़ाई में लगी रहना. "

" जी, साब..... साब sss मेरा धन्नाराम ठीक तो रहेगा ना. "

" फ़िक्र मत कर उसी को वापस लाने का काम कर रहे हैं. "

" यादव, पुलिस की एक टीम तैयार करो, सेठ की हवेली में कुछ गैर कानूनी काम होने की ख़बर है आज ही वहाँ छापा मारेंगे. "

" जी सर "

"श्रीधर, इस कमरे में किसी के बोलने की आवाज़ सुनी है मैंने.. ये स्टोर मालूम होता है काफी टाइम से खुला नहीं है..

ये उधर कोई बैठा है शायद.. शशश...... हिलना मत, हाथ ऊपर कर "

" सरssss ये तो धन्नाराम बँधा हुआ है काफी चोटें भी आयी हुई हैं, ये तो हमारी पकड़ से भाग गया था और ट्रक से जा टकराया था.. फ़िर यहाँ कैसे आ गया.. इसे किसने बाँधा हुआ है और क्यूँ, "

" यादव, इस समय ये काफी ज़ख्मी लग रहा है, जल्दी इसे हॉस्पिटल ले जाने का इंतजाम करो, हवेली सील कर दो, शहर से सेठ को बुलवा भेजो. अब ये पहेली धन्नाराम होश में आकर सुलझाएगा "

_______________________________________________

" बिंदिया, सेठ की हवेली में धन्नाराम बँधा हुआ मिला है, काफी ज़ख्मी है, पुलिस उसे अस्पताल ले गयी है. "

" क्या.. मेरा धन्नाराम जिंदा है, हरिया मुझे उसके पास ले चल. "

" चलो, लेकिन पता नहीं पुलिसवाले मिलने देंगे या नहीं. "

" नहीं अभी धन्नाराम से कोई नहीं मिलेगा, पहले पुलिस उसका बयान लेगी, फिर आगे तय करेगी क्या करना है. "

यादव ने बिंदिया और हरिया को अस्पताल के बाहर ही रोक लिया.

" साब, बस एक बार धन्नाराम से मिलने दो.. मैं आपके पैर पड़ती हूँ.. "बिंदिया यादव के पैरों में गिर पड़ी.

" अरे ये क्या कर रही है,, कहा ना नहीं मिल सकती है अभी.. इसे लेकर जाओ यहाँ से. "

" नहीं मैं अपने धन्नाराम से मिले बिना नहीं जाऊँगी."

"बिंदिया, ज़िद ना कर, अभी चल यहाँ से. "

" ना हरिया, मुझे पुलिसवालों पर  यकीन नहीं रहा.. मुझे धन्नाराम की चिंता है, मैं उसे दोबारा नहीं खोना चाहती हूँ "

" कुछ नहीं होगा तेरे धन्नाराम को,, मेरा वादा है तुझ तक सही सलामत पहुँचा दूँगा. अब जा, हमें अपना काम करने दे. "यादव ने उससे पीछा छुड़ाते हुए कहा

" सर, धन्नाराम को होश आ गया है, आप उसका बयान ले सकते हैं. "

" थैंक्यू डॉक्टर, अब वो कैसा है, "

" वह काफी ठीक है पर बयान दे पायेगा या नहीं कह नहीं सकते हैं. आप उससे बात करके देख सकते हैं   पर ध्यान रहे ज़्यादा जोर नहीं डालना है. "

_______________________________________________

" हाँ जी तो सेठ जी धन्नाराम के बयान के अनुसार थाने से भागने के बाद कार में बैठे कुछ लोगों ने उसे अगवा किया और आपकी हवेली के स्टोर में इसे बाँधकर चले गये. बस इसे खाना देने कोई आता था बाकी कुछ ये देख नहीं पाया क्यूँकि कमरे में हर समय अँधेरा रहता था..

धन्नाराम काफी बुरी हालत में  वहाँ से बरामद हुआ है.. कुछ प्रकाश डालेंगे आप इस पर...और वो लाश किसकी की थी जिसका अंतिम संस्कार हमने किया था... अभी आप से बहुत प्यार से पूछ रहे हैं.. हमें पुलिस बनने पर मजबूर नहीं कीजेगा.. सब सही सही बता दें तो आपके लिये अच्छा होगा. "

" देखिये दरोगा साहब, मैं पूरी तरह से इस जाँच में आपका सहयोग करूँगा, आप जहाँ चाहे तलाशी लें.. मैं इस पूरे महीने यहाँ नहीं था.. सब देख लें.. मैं खुद हैरान हूँ कि ये कब और कैसे हुआ?किसने किया है मैं ये भी नहीं जानता हूँ"

"क्या सही है क्या गलत है ये तो जाँच में पता चल ही जायेगा. अभी आप जा सकते हैं. लेकिन गाँव छोड़कर नहीं जाना है "

" सर, धन्नाराम के ज़मानत के लिए वकील साहब आये हैं.. "

" उन्हें अंदर आने दो. और धन्नाराम को छोड़ दो. "

_______________________________________________" धन्नाराम, चार कप चाय बना दे.. बड़ी ठण्ड है. "

" साहब, बहुत दिनों बाद यहाँ आना हुआ"

"हाँ भाई, तेरे लिये खुशखबरी है.. सेठ ने अपना केस वापस ले लिया है. तू इल्ज़ाम से बरी हुआ..बाकी जाँचें चल रही हैं "

" हे भवानी.. तेरी ही कृपा है. बहुत बड़ी खुशखबरी सुनायी है साब.. आज चाय मेरी तरफ़ से "

" चल ये भी ठीक है. "

" सेठ का क्या हुआ? "बिंदिया ने पुलिस के जाते ही धन्नाराम के कान में पूछा

" कुछ नहीं, सब अपनी जगह बढ़िया है.. पुलिस ये गुत्थी नहीं सुलझा पायी है इसीलिए साक्ष्यों के अभाव दिखाकर साब ने केस बंद कर दिया.

सेठ के सिर पर मेरी किडनैपिंग की तलवार लटक चुकी थी इसीलिए उसने मुझपर से ये केस वापस ले लिया. "

"तुझे, इतनी चोटें कैसे लगी थीं.."

" बिंदिया... कुछ पाने के लिए थोड़ी बहुत मार तो खानी ही पड़ती है. पर अब सब मामला गया ठंडे बस्ते में. "

" अब हम क्या करेंगे "

" बिंदिया, तू मैं और संतों अब शहर में जाकर रहेंगे. वही कोई अच्छी जगह पर दुकान ले लूँगा.. संतो को अच्छे स्कूल में भी तो पढ़ाना है. और साब यहाँ बाकी सबका कल्याण करेंगे. हॉस्पिटल, स्कूल और अन्य सुविधाएँ गाँव के लोगों को दिलायेंगे. "

". धन्नाराम पर आगे कभी कोई ऐसा काम और जोखिम दोबारा नहीं उठाना... वादा कर. "

" हाँ, बिंदिया मैं दोबारा कभी ऐसा नहीं करूँगा. "

" ट्रिन, ट्रिन... हाँ.. साब कैसे याद किया..? "

" एक मुखबिरी करनी है.. फिर चालीस लाख रुपये निकालने हैं.बोल करेगा..?

"साब माफ़ कर देना है... अभी अभी बिंदिया ने आगे ऐसा कुछ ना करने का वादा लिया है. हम कुछ नहीं कर पाएँगे अब साब. यहाँ से सब छोड़कर शहर जाकर बसना है. कल जा रहा हूँ "

"अच्छा.. चल ठीक है.. जा अपनी ज़िंदगी में खुश रह.. कभी ज़रूरत पड़े तो थाने चले आना. या फोन कर देना. "

" जी साब.. धन्यवाद "

NOOR EY ISHAL

___________________________________________