एक गाँव में चाँदनी नाम की एक छोटी सी लड़की रहती थी। उसे तारों से बहुत प्यार था। हर रात वह आँगन में बैठकर तारों से बातें करती थी। एक दिन, उसे एक तारा टूटा हुआ दिखाई दिया।
चाँदनी ने तुरंत अपनी झोली में उसे उठाया और घर ले आई। उसने उस तारे का ध्यान रखा, उसे पानी दिया और प्यार से बातें कीं। धीरे-धीरे तारा फिर से चमकने लगा।
तारे ने चाँदनी से कहा, "तुम्हारी देखभाल ने मुझे फिर से जगमगा दिया।"
चाँदनी ने हँसते हुए कहा, "दोस्तों का काम ही यही है, एक-दूसरे की मदद करना।"
उस रात, तारा अपने घर वापस चला गया, लेकिन उसने वादा किया कि वह हमेशा चाँदनी की दोस्ती का ख्याल रखेगा।
और तब से,चाँदनी जब भी तारों को देखती,अपने दोस्त को याद करती थी और उसका दिल खुश हो जाता।उसे पता था उसके और उसके दोस्त के बीच शायद कभी बात ना हो या वो फिर दोबारा ना मिलें लेकिन दोनों ही इस प्यारी सी दोस्ती का एहसास अपने पास हमेशा रखेंगे।
और फिर एक दिन चाँदनी ने अपने दोस्त के लिए एक कविता लिखी:
तारों की रातों में चमकते हो तुम
मेरे दिल के करीब बहुत रहते हो तुम
दोस्ती की मीठी बातें करते हो तुम
मेरी हर खुशी में शामिल होते हो तुम
तुम्हारी चमक से रौशन है रात
तुम हो तारों में मेरे लिए खास
सपनों में भी साथ तुम होते हो
दोस्ती के दरख्त का बीज बोते हो
तुम्हारी यादें मेरे दिल में बसी हैं
तुम्हारी चमक हर तरफ फैली है
मेरे प्यारे दोस्त तुम सबसे अलग हो
मेरी दोस्ती के लिये कितने सजग हो
सच्चे दोस्त हमारी ज़िंदगी में बहुत ख़ास होते हैं। वे हमारी खुशियों में साथ होते हैं, और मुश्किलों में हमें सहारा देते हैं।
दोस्ती ही हमें सिखाती है एक-दूसरे की मदद करना, देखभाल करना और खुशियों को साझा करना, दोस्त ज़िंदगी के लिए बहुत ज़रूरी हैं।
अगर कोई ऐसा दोस्त आपकी ज़िंदगी में है तो यकीनन ऐसे दोस्त का आपकी ज़िंदगी में होना एक अनमोल खजाना है।
NOOR EY ISHAL

