छोड़कर मैं अपने माँ बाप का घर
संवारने आ गयी मैं आप का घर

आप की बेवक़्त की रोक टोक से डर
हो गया मेरे लिए ये नाप तोल का घर

आप बहुत ही तजुर्बा कार हैं ये माना
मैंने भी अपनी माँ से बहुत कुछ जाना

ये सब काम काज ढंग और सलीक़ा
रफ्ता रफ्ता होगा आपने भी सीखा

मैं आऊँ भला बतायें सर्वगुण संपन्न क्यूँ
सीख जाऊँगी सब आपने ना सोचा यूँ

हो सास ससुर नन्द नन्दोई और देवर
सहने होंगे मुझसे ही क्यूँ सबके तेवर

उम्मीद ये मैं सबको दूँ प्यार और इज्ज़त
करें हरपल सब मेरे माँ बाप को बेइज्जत

मेरे घर को पति ना माने कभी अपना घर
भूल जाऊँ मैं मायका ससुराल ही मेरा घर

सबका करूँ ख़्याल हर दुख सुख में मैं
बस तन्हा रहूँ हो बेहाल दुःख सुख में मैं

हर एक की खुशियाँ मैं ही मनाया करूँ
बस अपनी सालगिरह भूल जाया करूँ

सोचें खून का रिश्ता नहीं होता है जहां
इज्ज़त और प्यार ही देना पड़ता है वहाँ

मैं सीखूंगी वही सब ढंग जो आप दिखाएंगी
रिश्ते वैसे ही निभाउंगी जैसे आप निभाएंगी

आपके स्वभाव से ही है घर की सुख शांति
मैं यहां नयी नवेली किसी को नहीं जानती

माँ बनके ही मेरी मुझको बेटी जैसा पाएँगी
वरना दिखावे की ही मुझसे इज्ज़त कराएंगी

समझ दुःख सुख दिल को कायल कर जाएँगी
बिना सिखाये बहु को आप अपना ही पाएँगी

पीढ़ियों की नफरत को प्यार से मिटाना होगा
प्यार से परिवार को भी मेरे करीब आना होगा

प्यार से जीत ले जो रिश्ते बस सबसे ज्ञानी वही
अपने पराये पास हैं जिसके है केवल धनी वही
NOOR EY ISHAL