देन-दारी ही देन-दारी है
जिस्म भी साँस भी उधारी है
जीत का जश्न सब मनाते हैं
और मुझे हार की खुमारी है
आइना देख अपनी आंखों में
एक तस्वीर बस हमारी है
मेरे हाथों में कुछ नहीं लेकिन
मेरी आँखों में दुनिया सारी है
सैकड़ों जीत कितनी हल्की हैं
सिर्फ एक हार उस प भारी है
मैं तसल्ली से मरने वाला हूँ
ज़िंदगी राएगाँ गुज़ारी है
ये बुलंदी ये हस्र रस्ता है
आदमी वक्त की सवारी है
आइए ख़्वाब में मिलेंगे हम
अभी पलकों पे नींद भारी है
जुगनुओं मेरे आस-पास रहो
मेरे हिस्से में रात सारी है
जिस्म मेरा जो है तुम्हारा था
मेरी हर साँस भी तुम्हारी है
अब मेरा कुछ बुरा नहीं होगा
माँ ने मेरी नज़र उतारी है
सिलसिला यूँ ही चलता रहता है
आप के बाद मेरी बारी है
जिस्म था पैरहन उतारा है
रूह अपनी कहांँ उतारी है
सब ने किरदार अपना बदला है
मिश्र' किस्सा पुराना जारी है
