कोई परिंदा अगर शज़र की तलाश में है

तो साफ़ मतलब है अपने घर की तलाश में है


कल शब की महफ़िल में जब गया तो मैंने देखा

कि एक चेहरा किसी नज़र की तलाश में है


यहाँ पे मुश्किल में हम फ़रिश्ते तलाशते हैं

वहाँ फ़रिश्ता भी हम बशर की तलाश में है


भटक गया है फिर अपनी मंज़िल का कोई रस्ता

अब वो मुसाफ़िर सही डगर की तलाश में है


ये सूखे जंगल बचेंगे कैसे अब अगलगी से

हवा का झोंका कब से शरर की तलाश में है


गया ज़माना पुरानी बातें पुरानी रस्में हुई पुरानी

कि अब ये दुनिया नए हुनर की तलाश में है


ज़रा सी गलती पड़ सकती भारी ये ध्यान रखना

हमारा दुश्मन बस एक कसर की तलाश में है


हम आख़िरी नस्ल हैं जिस को प्यारा है गाँव अपना

फिर गाँव कोई किसी शहर की तलाश में है


नई है मंजिल नया है रास्ता नया भरोसा नया तजुर्बा

नया मुसाफ़िर नए सफ़र की तलाश में है


बदल रही है ये दुनिया तेजी से हम भी बदलें

नया नज़रिया नए नज़र की तलाश में है


न कोई खत है ना डाकिया है न खत में चेहरे

ना कोई चिट्ठी ही अपने दर की तलाश में है