सहज नहीं है सुनकर सब कुछ सह जाना
थोड़ा सा मुश्किल है सब कुछ कह पाना
उसकी आंखें बिन बोले ही कहती हैं
मुश्किल है लेकिन खुद को समझाना
थोड़ी सी जिद्दी है पगली है लड़की
टेढ़ी खीर है यारों उसको बहलाना
हम तो बस खामोश देखते रहते हैं
उसका जरा सी बात पर रोना मुस्काना
हमसे जाने इश्क वो कैसे कर बैठी
हमको उसने ना जाना ना पहचाना
उसके बारे में जो चाहो पूछो मुझसे
खुद से ज्यादा मैंने है उसको जाना
जिसको सारी दुनिया पागल कहती है
"मिश्र" नहीं है पागल वो है दीवाना

