मेरे ख़िलाफ़ मेरी गवाही की बात है
कुछ लोग कह रहे हैं भलाई की बात है

मेरे गुनाह से मेरा कोई ताल्लुक़ नहीं
या मैं जो कह रहा हूँ सफ़ाई की बात है

चारा-गरों के पास जो बैठा पता चला
ज़ख़्मों की बात करना दवाई की बात है

सब क़ैद कह रहे हैं मगर जानता हूँ मैं
ये इश्क़ दर-असल में रिहाई की बात है

दुनिया समझ रही जिसे लफ़्फ़ाज़ियाँ, मज़ाक़
बेहद ज़रूरी भाई से भाई की बात है

तुम सुन रहे हो ध्यान से सुनना हर एक लफ़्ज़
आँसू जो कह रहे हैं तबाही की बात है