आंख में आंसू रखने वाले लोग बहुत कम बाक़ी हैं
ग़म का रस्ता तकने वाले लोग बहुत कम बाक़ी हैं
थोड़ी सी मुश्किल थोड़ी आसानी थोड़ा पागलपन
ऐसे अल्हड़ सपने वाले लोग बहुत कम बाक़ी हैं
बस कुछ एक चाहत के बदले अपना सौदा करते हैं
अपनी शर्त पे चलने वाले लोग बहुत कम बाक़ी हैं
आग लगाने वाले लोगों की तो है तादाद बहुत
लेकिन आग बुझाने वाले लोग बहुत कम बाक़ी हैं
सबको रोशनी चाहिए है बस किसको चाह अंधेरे की
ख़ुद को दीया बनाने वाले लोग बहुत कम बाक़ी हैं
बहुत मिलेंगे झूठ-मूठ की तारीफ़ करने वाले लोग
सच में कमी बताने वाले लोग बहुत कम बाक़ी हैं
शामिल होती है ये दुनिया बस खुशियों की महफ़िल में
ग़म में गले लगाने वाले लोग बहुत कम बाक़ी हैं
ज़रा सी मुश्किल में हो कोई साथ छोड़ देते हैं सब
अपने, हाथ बढ़ाने वाले लोग बहुत कम बाक़ी हैं
