लफ़्ज़ कितने और म'आनी कुछ नहीं
यानी गूँगे की कहानी कुछ नहीं
एक राजा एक रानी कुछ नहीं
बस यही सब की कहानी कुछ नहीं
आप की आँखों में पानी आँसू हैं
और मेरी आँखों में पानी कुछ नहीं
हम हुए मसरूफ तो बरपा कहर
आप की ये बे-धियानी कुछ नहीं
हिज्र के किस्से सुनाएँ आप को
इसमें ऐसी ख़ुश-बयानी कुछ नहीं
खौलता हो ख़ून तो कुछ काम का
वरना क्या है लाल-पानी कुछ नहीं
आप भी आशिक़ हैं कैसे मान लें
ज़ख़्म या कोई निशानी कुछ नहीं
और क्या माजी का मेरे पास है
याद कुछ बरसों पुरानी कुछ नहीं
और क्या करते हैं इस दुनिया में हम
खेलते हैं आग-पानी कुछ नहीं
ख़ुद को कहते हैं ख़ुदा हम लोग क्यूँ
साथ क्या है जिस्म फ़ानी कुछ नहीं
आपसे क्या चाहिए है दास को
बस जरा सी मेहरबानी कुछ नहीं
कुछ तमाशे और फिर यह खेल ख़त्म
चार दिन की ज़िंदगानी कुछ नहीं
माँगते हैं रोटियाँ बस भूख की
ना ये गद्दी राजधानी कुछ नहीं
एक न एक दिन होना है सबको तमाम
क्या यहाँ है जावेदानी कुछ नहीं
मिश्र आए थे सुनाने दास्ताँ
याद उनको मुँह-ज़बानी कुछ नहीं
