कोई सफर की धूप में है कोई सुहानी छांव में
कोई है रहता शहर में कोई रहता गांव में
कोई दृढ़ जैसे हिमालय कोई पल में टूट जाता
कोई व्यथा से मौन है कोई खुशी के गीत गाता
यह जीवन है जीवन पथ है जिंदगी यह गीत गाता
कोई तपता धूप में और छांव में है सर छुपाता
कोई आंसू की नदी है कोई बहता भाव में
कोई सफर की धूप में है कोई सुहानी छांव में
कोई ममता से बंधा है कोई समरसता भुनाता
कोई है बिल्कुल अकेला कोई है महफिल लुटाता
कोई कण कण जोड़ता है और कोई मौज उड़ाता
मेहनत कोई जी तोड़ करता कोई इससे जी चुराता
कोई फंसा पड़ा भवर में कोई सकुशल नाव में
कोई सफर की धूप में है कोई सुहानी छांव में
सबकी अपनी है कहानी सबका अपना किस्सा है
किसी का कम किसी का अधिक है सबका अपना हिस्सा है
हमसफर हमराही होते इस सफर के रास्ते में
हसरते और ख्वाब भी हैं कोशिशों का किस्सा है
कोई सब कुछ जीत जाता एक पल में एक दांव में
कोई सफर की धूप में है कोई सुहानी छांव में

