ख़्वाब आँखों के बेच डाले हैं

ऐसे गुरबत के दिन निकाले हैं


एक मुद्दत से ज़ख़्म पाले हैं

उसको नासूर करने वाले हैं


बद-हवासी के घर रहे कुछ दिन

इन दिनों होश के हवाले हैं


ये जो कहते हैं आँख वाले हैं

इनकी आँखों में सिर्फ जाले हैं


किसका धरती से लेना-देना है

सब के सब आसमान वाले हैं


तेरी चौखट को चूमने वाले

दर-ब-दर हैं बिना निवाले हैं


जल रहा है कहीं कोई सूरज

आपके घर में तब उजाले हैं


ये ज़माना ख़राब क्या करता

मिश्र तो होश के सँभाले हैं