कि इक कश्ती नदी से ठीक पहले
मिली है जिंदगी से ठीक पहले

हुई तस्वीर से कुछ गुफ्तगू भी
तुम्हारी ख़ामुशी से ठीक पहले

मेरी पहचान दुनिया से हुई थी
बिछड़ते अजनबी से ठीक पहले

मोहब्बत को इबादत मानती थी
ये दुनिया बंदगी से ठीक पहले

बताते हैं कि हम सब जानवर थे
पढ़ाया आदमी से ठीक पहले

समुंदर मेरी आँखों में रवाँ था
अभी तक तिश्नगी से ठीक पहले

मिरा सूरज कहीं गुम हो गया है
नसीबा तीरगी से ठीक पहले

मुसाफ़िर जानते हैं मरहला है
ये पहला आख़िरी से ठीक पहले

बताता था ये सूरज वक़्त सबको
कलाई पर घड़ी से ठीक पहले