इश्क़ की जायदाद हैं हम लोग
देख साँसों के बाद हैं हम लोग

और क्या हैं सिवाय हसरत के
एक ज़िंदा फ़साद हैं हम लोग

पहले दुनिया है बाद में जन्नत
यानी दुनिया के बाद हैं हम लोग

कोई अशआर है कोई मत्ला
इक सुख़न-वर की दाद हैं हम लोग

उम्र तय है बदन की साँसों में
वक्त की इक मियाद हैं हम लोग

इस बदन पर गुमान क्यूँ करिए
इल्म है ख़ाक-ज़ाद हैं हम लोग

अपनी मिट्टी न अपनी बारिश है
वक्त की बीज-खाद हैं हम लोग