ताक़तवर की दुनिया साथी होती है
सच है दौलत सब पर हावी होती है
झूठ का लहजा बेहद मीठा होता है
सच्चाई के लब पर तल्ख़ी होती है
सपने मर जाते हैं पैदा होते ही
ज़ाहिर है जब जेबें ख़ाली होती है
सच ज्यों का त्यों रह जाता है दुनिया में
झूठ की काफ़ी तेज़ तरक़्क़ी होती है
जिनके दिल में शोर के तूफ़ाँ होते हैं
उनके ही लब पर ख़ामोशी होती है
रब ने जब जो चाहा मेरे साथ किया
रब की मर्ज़ी रब की मर्ज़ी होती है
रिश्ते-नाते बेहद पक्के होते हैं
माना गांव की सड़कें कच्ची होती है
मन के भीतर कोई कैसे झाँकता है?
मन में भी क्या कोई खिड़की होती है?
दीवाने ग़र कभी मिले तो पूछेंगे
दीवानों की दुनिया कैसी होती है?
अक्सर उनका ही कद ऊंचा होता है
कि जिनकी बुनियाद ज़मीनी होती है
यही नियम है दुनियादारी का कब से,
जैसी करनी वैसी भरनी होती है

