पहला प्रेम असफल हो गया था
इसलिए दोस्त पागल हो गया था
विरह की आग में इतना जला कि
कई आंखों का काजल हो गया था
उसे देखा जो बरसों बाद मैंने
अचानक भाव विह्वल हो गया था
लगाया था जो पौधा मिलन पर
बड़ा होकर के पीपल हो गया था
नए किरदार उसको चाहिए थे
मेरा किस्सा मुकम्मल हो गया था
उसी को ढूंढती रहती हैं आंखें
कि जो आंखों से ओझल हो गया था
तुम्हारी जेब खर्ची है जो, उसमें
हमारा दाल चावल हो गया था
जो लड़का शांत रहता था हमेशा
किसी को देख चंचल हो गया था
