हमने हार नहीं मानी है।
हमने जीत की ज़िद ठानी है।
हमने बस लड़ना सीखा है।
मुश्किल में अड़ना सीखा है।
उड़ती चिड़िया के पंख गिने हैं।
सागर में से शंख चुने हैं।
विपदा से क्या डर जाएंगे?
मौत से भी हम लड़ जाएंगे।
जब तक विजय नहीं होते हम,
रणभूमि छोड़ नहीं जानी है।
पीड़ा जितनी हो सह लेंगे,
हम अभाव में भी रह लेंगे,
सेवा ही बस कर्म हमारा,
मानवता ही धर्म हमारा,
अंत समय तक नहीं थकेंगे,
लक्ष्य सधे बिन नहीं रुकेंगे,
जब तक कुशल नहीं होते सब,
संजीवनी हमको लानी है।
हमने हार नहीं मानी है ।
