इसलिए सोग है नयन में मेरे
हादसे दफ़्न हैं बदन में मेरे

मेरी आवाज़ में कहन में मेरे
सामने सब है जो है मन में मिरे

आपकी खाल में बदन है मेरा
आदतें आपकी चलन में मेरे

मौत ही मौत ज़िंदगी में मेरी
नींद ही नींद है थकन में मेरे

किस की पाबंदियां हैं सांसों पर
क्या कोई और है बदन में मेरे

मेरे सिरहाने ज़िंदगी को मिला
ख़्वाब लिपटा हुआ कफ़न में मेरे

सिर्फ जुगनू हैं और काफी हैं
कोई सूरज नहीं गगन में मेरे

क्या हुआ है कि बर्फ़ छूते ही
लग गई आग तन बदन में मेरे