एक तरफ़ दुआएँ माँ की सारी बरकत एक तरफ़
एक तरफ है पूजा माँ की रब की रहमत एक तरफ़
एक तरफ़ हैं चाँद-सितारे उसकी सूरत एक तरफ़
एक तरफ़ है सारी दुनिया और मोहब्बत एक तरफ़
एक तरफ़ फ़ाकामस्ती है दुनियादारी एक तरफ़
एक तरफ़ सारी दुश्वारी और ज़रूरत एक तरफ़
एक तरफ़ है मतलब अपना और अपनापन एक तरफ़
एक तरफ़ सारे रिश्ते हैं और तिजारत एक तरफ़
एक तरफ़ सारी बेमानी और इमां है एक तरफ़
एक तरफ़ है झूठी दुनिया और सदाक़त एक तरफ़
एक तरफ़ महफ़िल ही महफ़िल और वीरानी एक तरफ़
एक तरफ़ करिश्मा रब का और क़यामत एक तरफ़
एक तरफ़ है होशियारी और नादानी एक तरफ़
एक तरफ़ है इल्म की दुनिया और जहालत एक तरफ़
एक तरफ़ हैं हक की बातें झूठे वादे एक तरफ़
एक तरफ़ है जनता सारी और हुकूमत एक तरफ़
एक तरफ़ है गहरा सागर टूटी कश्ती एक तरफ़
एक तरफ़ हैं “मिश्र” अकेले और मुसीबत एक तरफ़

