दोस्तों से चोट खा कर देखिए
दुश्मनों को आज़मा कर देखिए
दर्द अपने आप कम हो जाएगा
रोते-रोते मुस्कुरा कर देखिए
क्यों किसी को दर्द देना बेवजह
आप अपना दिल दुखा कर देखिए
इश्क़ हो जाएगा मुझ से शर्त है
मेरी ग़ज़लें गुनगुना कर देखिए
लड़खड़ाते हैं सभी पी कर मगर
होशवालों लड़खड़ा कर देखिए
क्या है आजादी समझने के लिए
कुछ परिंदों को रिहा कर देखिए
ज़िंदगी कर दे कहीं रहम-ओ-करम
आप भी एक इल्तिजा कर देखिए
ख़र्च अपने आप कम हो जाएगा
आप भी दौलत कमा कर देखिए
आप को अपनों ने छोड़ा है अगर
ग़ैर को अपना बना कर देखिए
दाग सब दिखने लगेंगे आप को
अपना चेहरा आइना कर देखिए
मुख़्तसर हो जाएगी ये ज़िंदगी
इब्तिदा को इंतिहा कर देखिए
