मेरे हक में कोई गवाही दे
और मुझे कैद से रिहाई दे
झूठ के चेहरे पे लिखूंगा सच
ला मुझे थोड़ी सी स्याही दे
बात कहनी है जोर से अपनी
ताकि बहरों को भी सुनाई दे
तुझको मानेंगे तुझको पूजेंगे
ज़ख़्म से पहले अगर दवाई दे
छुप के बैठा है तिलिस्म में क्यों
सामने आ कभी दिखाई दे
अमीरों की तरह गरीबों को
ख़र्च से दोगुनी कमाई दे
ताकि वो समझे दर्द का मतलब
उसके पैरों में भी बिवाई दे
