नफे नुकसान की बातें न करना

यहां एहसान की बातें न करना


बहुत मुश्किल से आया है मेरे घर

मेरे मेहमान की बातें न करना


कहीं ये रोशनी परहेज कर ले

कि रोशनदान की बातें न करना


बनाओ आप ही पहचान अपनी

किसी वरदान की बातें न करना


मेरा ये मशवरा है ध्यान रखना

किसी के आन की बातें न करना


सफ़र का बोझ हो जाएगा भारी

बहुत सामान की बातें न करना


परख लेना कसौटी पर उसे तुम

किसी अनजान की बातें न करना


जो मुझ से दोस्तों की बात करना

तो दुश्मन जान की बातें न करना


सलीक़े से सभी से बात करना

यहां फरमान की बातें न करना


करो दुनिया-जहां की बात सबसे

प मेरे जान की बातें न करना


ये बस्ती इश्क़ की है सो यहां पर

कभी दरबान की बातें न करना


डुबो देगा किनारे पर ही तुमको

दिल-ए-नादान की बातें न करना


वगरना दुश्मनी भारी पड़ेगी

कि जीवनदान की बातें न करना


अभी इंसान से इंसाँ की बातें

अभी भगवान की बातें न करना


तुम उससे पहले अपनी बात करना

मेरी पहचान की बातें न करना


हकीकत से करो आगाज अपनी

अभी अरमान की बातें न करना