ज़माने से अलग इस बार मेरी
कहानी लिख रहे दीवार मेरी

फ़क़ीराना तबीयत राइगानी
बनाती जाए है किरदार मेरी

नज़र आती है सबको मुस्कुराहट
उदासी है बहुत हुश्यार मेरी

इज़ाफ़ा साँस में है कि नहीं है
मुक़द्दर देखते सरकार मेरी

बराबर भी नहीं था और कोई
लिहाज़ा लिख रहे हैं हार मेरी

हकीमों दिल को समझाओ तुम्हीं अब
नहीं सुनता है अब बीमार मेरी

तुम्हारी आँख से आँसू गिरे हैं
रक़ीबों देख लो मेयार मेरी

घड़ी करती है रुकने का इशारा
बढ़ा दी जाए अब रफ़्तार मेरी

समझ लेना बुलंदी आ गई है
अगर गिरने लगे मीनार मेरी