सबसे पहले चेहरा बदला जाएगा

बाद में फिर आईना बदला जाएगा


पहले कमरा पर्दा और आखिर में लोग

सब कुछ रफ़्ता-रफ़्ता बदला जाएगा


जैसे-जैसे किरदार बदलते जाएंगे

वैसे-वैसे किस्सा बदला जाएगा


ये शतरंज का खेल पुराना बहुत हुआ

अब प्यादे से प्यादा बदला जाएगा


लोग समझ ना पाएं खेल सियासत का

सो धीरे-धीरे लहजा बदला जाएगा


कही हुई हर बात बदल दी जाएगी

किया हुआ हर वादा बदला जाएगा


कोई भी उस चेहरे को पहचाने ना

रोज नया एक चेहरा बदला जाएगा


जब भी कोई मंजिल बदली जाएगी

ज़ाहिर है फ़िर रस्ता बदला जाएगा


राजा-रानी बाद में बदले जाएंगे

पहले एक-एक मोहरा बदला जाएगा