अब तो लगता है ये ऐलान किया जाएगा
हुक्मरानों का गुन-गान किया जाएगा
एक नया कानून बनेगा हर दिन
मन की मर्जी को फ़रमान किया जाएगा
सच कहने की अगर आपको बीमारी है
आपको भी बे-हद परेशान किया जाएगा
आपको सोच से हैवान बनाएंगे पहले
बाद में फिर आपको इंसान किया जाएगा
सच को कैद किया जाएगा सबसे पहले
फिर एक शख़्स को सुल्तान किया जाएगा
ज़ख़्म भी देंगे बीमार करेंगे पहले
बाद में उसी का दरमान किया जाएगा
आदमियत का नहीं कुछ फ़ायदा सियासत से
हो सके जितना नुकसान किया जाएगा
बातों-बातों में जो सड़कों पे उतर आते हैं
उनको सरकारी मेहमान किया जाएगा
मेरे मालिक का ये हुक्म है सबसे पहले
ज़िंदा लोगों को बे-जान किया जाएगा
हाकिमों से अगर सवाल कोई पूछेंगे
आपके ईमान को सामान किया जाएगा
