कितनी तरतीब से बने हैं हम
मैं से तुमसे जो हो गए हैं हम
याद करने में याद करने में
अब उसे भूलने लगे हैं हम
जाने कब मंजिलों को पहुँचेंगे
जिंदगी की तरफ चले हैं हम
कीजिए क़त्ल दीजिए फाँसी
आपके सामने खड़े हैं हम
एक मिट्टी है एक कूजागर
एक ही चाक पर बने हैं हम
जो भी हैं सामने हैं दुनिया के
झूठ-सच हैं भले-बुरे हैं हम
आप उस्ताद हैं सुख़न के मीर
इस हुनर में अभी नए हैं हम
हाँ ये सच है कि ख़्वाब की जानिब
भागने-दौड़ने लगे हैं हम
