दुःख अथाह सहने के बाद...
मन की व्यथा ना कहने के बाद,
स्त्री, निसंकोच अपने प्राणों को दांव पर लगाती है,
छोटी सी ज्योत, हथेली पर रखकर, तूफ़ानों से निकल आती है।
वो ज्योत को, अपने भीतर रखकर, कतरा कतरा पालती है,
हर दिन थोड़ा कटती रहती है, पर ज्योत में जीवन डालती है।
सुन पुरुष, तू उसी जीवन से उत्पन्न होता है,
उसी की गोद में हंसता है, उसी की गोद में रोता है।
और इतना ही नहीं, तू एक पग भी चल पाया ना होता,
जो लहू बन दुग्ध उसका, तेरी रगो में आया ना होता।
पर क्या इसी बलिदान की कुछ लाज रख पाया है तू,
या, भरे हैवानियत, बस घूरता आया है तू।
सच बता, क्या तेरे अन्दर, है दया सी चीज भी,
अरे... तूने तो छोड़ी नहीं है, उम्र की दहलीज भी...
खा रहा है, उस स्त्री को, जो तेरा आधार है,
तू स्वयं घोषित पुरुष है, धिक्कार है, धिक्कार है!!
~ नितिन कुमार हरित
