शिव स्तुति || शिव ही शिव || नितिन कुमार हरित
दो ऐसा वरदान, मैं देखूं हर मंज़र में शिव ही शिव,
तन में मन में, जल में थल में, और अम्बर में शिव ही शिव।
तुझ में मुझ में, रोम रोम में, कण कण भर में शिव ही शिव,
भोर साँझ में, हर एक सांस में, हर आखर में शिव ही शिव।
सर, सरिता में शिव को देखूं, और सागर में शिव ही शिव,
घट घट में, पनघट में देखूं और गागर में शिव ही शिव।
देखूं अपने अंतर्मन में, भीतर स्वर में शिव ही शिव,
मौन में देखूं, शोर में देखूं, और अंतर् में शिव ही शिव।
सूक्ष्म जीव में और विशाल में, वन में घर में शिव ही शिव,
मिट्टी मिट्टी शिव को देखूं और पत्थर में शिव ही शिव।
जीवन के हर एक पहलू में, हर दृष्टि में शिव ही शिव,
शिव में देखूं सृष्टि सारी, और सृष्टि में शिव ही शिव।
- नितिन कुमार हरित #nitinkrharit
