'मैं उत्तर प्रदेश हूं'
हो सजग धरातल को देखो, मैं अति उत्तम, मैं अति विशेष हूं
मैं उत्तर प्रदेश हूं,
मैं उत्तर प्रदेश हूं।
भारत माता के उत्तर में, जो हृदय रहा, वो मैं ही हूं,
गंगा जमुना के संगम तक, जो संग बहा, वो मैं ही हूं।
मैंने अपनाई भोजपुरी, अवधी, उर्दू, ब्रज की बोली,
मिश्री सी हिंदी मैंने ही, जन जन के अधरों पर घोली,
बिरहा, कजरी, फगुआ, रसिया, मैं बड़ी शान से गाता हूं,
सावन की रिमझिम बूंदों में, मल्हार पिरो कर लाता हूं,
मथुरा में कृष्ण, अयोध्या में श्री राम दिये हैं मैंने ही,
काशी में महादेव बनकर विषपान किये हैं मैंने ही,
मैं ही मंगल पाण्डे बनकर क्रांति की अलख जगाता हूं,
रानी बन अपनी निजता पर हंसते हंसते मर जाता हूं,
मैं लाल बहादुर, मैं आजाद, समझौते मैंने किए नहीं,
जब देश की खातिर आन पड़ी, बलिदान कहो क्या दिए नहीं,
जब प्रेम लिखा मैं प्रेम हुआ, मैं ताजमहल का रूप हुआ,
जब ग्रीष्म हुई मैं छांव हुआ, जब शीत हुई मैं धूप हुआ,
मैंने लिख डाली मधुशाला, जय शंकर बनकर गीत पढ़े,
मैं ही कबीर, तुलसी बनकर मैंने ही कितने ग्रन्थ गढ़े,
मैं महावीर, मैं महादेवी, मैं धूमिल मैं ही घनानंद,
मैं भारतेंदु, मैं सूरदास, मैं बालकृष्ण मैं प्रेमचंद।
मैं हूं कुमार की कविता में, मैं गीतों की फुलवारी हूं,
मैं ही खुसरो का सूफीपन मैं ही तो अटल बिहारी हूं।
मैं ध्यान चंद, मैं कैफ हुआ, रैना, नैनो में ख़ाब हूं मैं,
मैं हूं कन्नौजी इत्र और, अभिनय में अमिताभ हूं मैं।
मुझको देखो तो सब देखो, मेरा इतिहास पुराना है,
सीमाओं पर सबसे ज्यादा, मेरा ही ताना बाना है,
जितना भी लिखा कम लिखा अभी इससे ज्यादा शेष हूं ,
मैं उत्तर प्रदेश हूं।
~ नितिन कुमार हरित #NitinKrHarit
insta / fb / Youtube : @shabdonkaghar
