कविताएं
पुरुष में स्त्री खोजती हैं,
उन्हें नहीं सुहाता
पुरुष का पुरुष होना,
उन्हें मोम के हृदय चाहिए
जिन पे उकेरे जा सकें, शब्द...

पर हाय!
पुरुष हो रहा है, पत्थर...
स्त्री हो रही है, पुरुष
और यूं
सिमट रही है कविता

सुनो, क्या कभी
पुरुष में
लौट आयेगी स्त्री,
और मैं देख पाऊंगा
लौटती कविता।

– नितिन कुमार हरित