'दुःख में प्राणी अकेला'

पत्थरों सी तपती भूमि, पांव नंगे ही मिलेंगे,
पुष्प की यदि चाह होगी, संग कांटे भी खिलेंगे,
याद रखना सुख ने संग संग अपने दुख भी है धकेला,
सुख मिलेगा घेर लेंगे, दुःख में प्राणी अकेला।

स्वर्ग है यदि सत्य माधव, सुख वहीं पर सत्य होगा,
तुम कहो तुमने भी है कब इस धरा पर सुख भोगा,
थे सहे आघात कितने, कितना था वनवास झेला,
सुख मिलेगा घेर लेंगे, दुःख में प्राणी अकेला।

सुख यदि आया भी है तो सच कहूं एक ऋण सा आया,
दुख हुआ भुगतान जीवन भर चला पर चुक ना पाया,
छोड़ दें यदि सुख की आशा, खत्म होगा सब झमेला,
सुख मिलेगा घेर लेंगे, दुःख में प्राणी अकेला।

~ नितिन कुमार हरित