बहाऊं कहां से नवल प्रेम गाथा,
कहां है मुरारी, यहां कौन राधा।
वो मुरली के स्वर, अब सरस कैसे लाऊं,
वो यमुना का तट मै भला कैसे पाऊं,
व्यथा बढ़ रही जो, मेरे मन के भीतर,
मैं किसको बताऊं मैं किसको सुनाऊं।
घड़ी हर घड़ी मिल रही एक बाधा।
हैं अंगार दिखते गगन के ये तारे,
हो विश्वास घायल रुदन में पुकारे,
मेरी प्रेरणा के, जो दीपक जले थे,
समय कुछ गया तो अंधेरों से हारे।
अभी देखना है कहीं और ज्यादा ।।
बचा किसपे किसका है अधिकार देखो,
ये वाणी बनी तेज तलवार देखो।
पलें सबके भीतर, मनोरथ विषैले
उठाती है कब तक धरा भार देखो,
कहां हित किसी ने किसी का है साधा।।
बहाऊं कहां से नवल प्रेम गाथा,
कहां है मुरारी, यहां कौन राधा।।
~ नितिन कुमार हरित
