तेरे लिए कुछ लिखना है माँ ,
बता ना, क्या लिखूं ?
कुछ शब्द लिखूं
या, एक गीत लिखूं
तेरी करुणा लिखूं
या तेरी प्रीत लिखूं
बलिदान की कहानियाँ लिखूं
या, तेरा प्रताप लिखूं
सम्बोधन में तेरे; तू लिखूं
या, आज से आप लिखूं
तेरे लिए कुछ लिखना है ,
बता ना, क्या लिखूं ?
बातें जो मैं लिखता हूँ
सब तेरा ही सिखाया है
दुनिया जो मैंने देखी है
सब तूने ही दिखाया है
मेरी सभ्यता एवं संवेदना
मेरा आत्मविश्वास, मेरी धारणा
और मेरी सदभावना
सब पे तेरा ही साया है
तू जाने मैं किस बात पे हँसू
किस बात पे रोऊँ- चीखूँ
तेरे लिए कुछ लिखना है ,
बता ना, क्या लिखूं ?
अलग-अलग रूप में तुम
नया पाठ पढ़ाती हो
पत्नी, बहू, बहन, बेटी
सब रिश्ते खूब निभाती हो
एक मिट्टी से सबको बनाए रब
पर तुझको दिया संकल्प अजब
कोई आंच अगर मुझपे आए
तो ढाल मेरी बन जाती हो
समंदर सा तेरी ममता का आँचल
उसमें सब ओर मैं दिखूं
तेरे लिए कुछ लिखना है ,
बता ना ,क्या लिखूं ?
बाद इसके जितने जन्म भी लूँ
एक वरदान ये जनम चाहे
बने तू हर जन्म मेरी माँ
तुझसे ये वचन चाहे
जब चाहिए कुछ तुम्हें मुझसे
तुम बताती नहीं खुद से
महसूस कर सकूं तेरी चाहत
इतना ही मेरा मन चाहे
निस्वार्थ कैसे जीना है
तुझसे हर कदम सीखूं
तेरे लिए कुछ लिखना है ,
बता ना माँ, क्या लिखूं !
नितेश
Twitter: @niteshsingh1201
