कितनी सीधी -साधी होती हैं,
बिना किसी उलझन के,
बिना किसी झिझक के,
दौड़े चली आती हैं ये उदासियां ।
इन्हें जितना अनदेखा करो,
उतनी जोर से दस्तकें देती हैं,
सुबह , शाम, दोपहर, रात,
इनका कोई समय नियत नहीं होता।
कभी चाय पीते,
कभी सपनों के बीच,
कभी हरसिंगार की खुशबु में लिपटीं,
कभी यारों की बतकहियों के बीच,
अकेला छोड़ने को तैयार ही नहीं होती,
अपने इश्क़ को कुछ ऐसे जताती हैं।
बहुत ही प्यार से ,
अपनेपन का गर्म लिहाफ़ ओढ़े,
ये आकर ठण्डे पड़ रहे दिल में ,
खून को और तेजी से दौड़ाती हैं I
इन्हें एक याद की टपरी से ,
दूसरी याद की टपरी पर जाना होता है ,
और जबतक ये अपने मन का ना कर लें,
तब तक वापस जाने का नाम ही नहीं लेती हैं ,
काफी जिद्दी होती हैं ये।
बहुत बेअद-सी,पर बेसब सी,
पार्क में बेंच पर दूसरी तरफ़,
खाली जगह देखकर ,
किसी पूराने दोस्त के जैसे ,
आकर बैठ जाती हैं ,
और फिर जबरदस्ती हाल पूछना शुरु,
सालों पुरानी यादों को लेकर ,
बतकही शुरु कर देतीं हैं ।
कभी तो ये ,
किसी पूराने प्रेमियों के जैसा लगती हैं ,
हमेशा अपना बही-खाता लेकर चलती हैं,
सही-गलत,अच्छा-बुरा ,
सबका हिसाब रखती हैं ।
अब जैसी भी हैं,
यही हैं जिनको अपना कह सकते हैं,
जो वक्त के साथ कभी बदलीं नहीं,
जिनको पता है दिल का रास्ता ,
इन्हीं की वजह से ,
खुशियों की भी कीमत पता है हमें ।

