बचपन की हजारों खूबसूरत ,

यादों के बीच,

कुछ यादें,

कहीं एक कोने में,

दुबक के बैठी रहती हैं ,

जैसे अठन्नी-चवन्नी के सिक्के ,

जो अचानक से हमें मिल जाते हैं ,

और हम उनकी कहानियों में खो जाते हैं।



ठीक वैसे ही जैसे हमें,

बचपन में मिलती थीं ,

हरी सब्जियां खाने में,

जो कुछ खास पसन्द नहीं होती थीं ,

पर ज़रुरी होती थीं हमारे लिए,

ऐसा मैम ने क्लास में बताया था ।


माँ बहुत ही बेहतरीन,

भिण्डी बनाती थीं,

ठीक वैसे ही जैसी दिल्ली में ,

जनवरी में दोपहर की धूप पड़ती हो

एकदम कुरकुरी,

थोड़ी तीखी - थोड़ी मीठी ,

और ऐसे वो मेरी फेवरिट सब्जी हो गयी।


अब जब घर से बाहर निकला ,

पढ़ाई के लिए ,

रोजी-रोटी के लिए ,

मैं ढूँढ़ता रहा वैसी ही भिण्डी ,

जैसे माँ बनाती थी ,

पर वैसा स्वाद ,

इस शहर में कहीं भी नहीं मिला।


अब जब भी घर जाना होता है,

माँ बिना कुछ पूछे,

पहले ही दिन भिण्डी बना देती है,

पर सच बताऊँ तो,

अब भिण्डी में वो स्वाद नहीं आता।

पर मैं थोड़ी भी नहीं छोड़ता,

और तारीफ,

पहले से भी ज्यादा करता हूँ।


वक्त भी तो पहले जैसा नहीं रहा,

हर तरफ़ सिर्फ प्रदूषण ही है ,

किटनाशकों के प्रयोग से,

अब भिंडी भी प्रदूषित है,

और हम सबकी ज़िन्दगी भी ।


एक माँ ही तो है ,

जिसे कुछ भी प्रदूषित नहीं कर पाता है,

जिसका निस्वार्थ प्रेम अनंत है,

और मै अब समझ पाया हूँ,

उस अनंत प्रेम को ,

इसलिए माँ भिंडी बना देती है,

और मै खुश हो जाता हूँ ।