काश मैं एक किताब होता ,
बहुत ज्यादा तो नहीं ,
दस - बीस पन्ने ही सही ,
कुछ अलग - कुछ खास होता ।
अ - से लिखता पहला अक्षर "औरत ",
जो मानवता की पहली पहचान है ,
जो मनुष्यता का पहला परिचय है ,
जो सृष्टि के सृजन का कारण है ,
जो प्रेम का पहला आलिंगन है ।
इ - से मैं लिख पाता सिर्फ " इश्क़ " ,
जिसकी वजह से ,
हमें अपने अस्तित्व का बोध होता है ,
और हम मिल सकते अपने ईश्वर से ।
ऐ - से लिखता उस ऐनक को ,
जिसको पहनने के बाद ,
सिर्फ सच दिखाई दे ,
कोरा , तल्ख पर सच ।
क - से मैं " कविता " लिखता ,
आखिर में हम सब चंद कविताएँ ही हैं ,
उससे ज्यादा और कुछ नहीं ।
कविताएँ जो पहले ,
मन में हुए क्रांति को कहती हैं ,
फिर समाज में हुए क्रांति को ।
ख - से लिखता उन सारे "खिलौनों" को ,
जो हमारे हाथों के बढ़ते जोर से टूट गए ,
और कुछ वक्त के जोर से ।
बिखरे हैं उनके अंजर -पंजर ,
हमारी बिखरी सी दुनिया में ।
ग - से लिखता उन सारी " गलियों " को ,
जिनको ढूँढने में ,
हमने कुछ ज्यादा ही वक्त लगा दिया ,
और कुछ को तो हम कभी नहीं ढूंढ सके,
भटकते रहे बस एक ही आस के साथ ,
काश मिल गए होते वो सारे पते ,
फिर पूरे हुए होते हमारे पते ।
घ - से मुझे सिर्फ सूझता है ,
एक ही शब्द "घर" ,
एक आँगन और अलसाई ढेरों यादें ,
जिस घर की बंदिशों से पहले,
दूर भागने का दिल करता था ,
पर अब उसी घर में ,
कैद हो जाने को दिल करता है ।
च - से वो सारी " चालाकियाँ " लिखता ,
जो कभी खुद नहीं कर पाया ,
मनुष्य योनि में पैदा होने के बाद ,
चालाक ना हुआ तो क्या खाक जिया ,
इस अनर्गल जीवन को ।
छ - से लिखता "छाया ",
उन सारे पथिकों के लिए ,
जिनकी यात्राएँ थोड़ी मुश्किल हैं ,
जिनके रास्ते थोड़े पथरीले हैं ,
जिन्हे नहीं मिलता कोई राहगीर ,
पूछने वाला कि तुम्हारे पैरों के छाले कैसे हैं ?
ह - से लिखता मैं "हँसना "
जो हम सब भूल ही गए हैं ।
सिर्फ हँसना ही नहीं , हँसाना भी ,
किसी रूठे हुए बच्चे का खिलौना बन जाना,
किसी मायूस आँखों में एक चमक बन जाना ।
द - से लिखता " दर्द ",
उन सारे दर्दों को ,
जिन्हे कभी कोई कह ना सका ,
कभी किसी ने समझने की कोशिश नहीं करी ,
जो आँखों के कोनों पर सिमट से गए ,
और जो छलक गए ,
उनको पोंछने के लिए वो हाथ नहीं उठे,
जिन्हे उठना चाहिए था ।
न - से मैं लिखता अपना नाम "निशांत "
अरे भाई ! मै कोई आत्ममुग्ध इंसान नहीं ,
निशांत का अर्थ होता है सूर्योदय ।
हर एक सुबह यही बताती है ,
कि चाहे जितनी अंधेरी रात हो ,
सुबह का होना निश्चित है ।
भ - से भूख को लिखता ,
भिखारी को नहीं ,
क्यूँ की वो तो हम सभी ही हैं ,
सारे सड़क किनारे तो नहीं ,
कुछ महलों में , कुछ मंदिरों में ।
फ - से लिखता उस " फूल " को ,
जिसकी जगह उसके प्रिय के ,
हाथों या गेसूयों में थी ,
पर किन्ही बंदिशों की वजह से ,
आज वो सूखा पड़ा है ,
किसी किताब में ।
ब - से लिखता उस " बचपन " को,
जो मैं अब फिर से जीना चाहता हूँ ,
जिसकी यादों में अक्सर खो जाता हूँ ,
शायद मेरे पन्नों ही,
अब उनकी जगह बच गई है।
म - से सिर्फ एक ही शब्द लिखा जा सकता है ,
जिसको कभी परिभाषित नहीं किया जा सकता ,
जिसका होना ईश्वर के होने से भी ज्यादा है ,
वो शब्द है " माँ " ।
ज्ञ - से मैं लिखता " ज्ञान "
वो ज्ञान जिसकी वजह से ,
हम एक बेहतर इंसान बन सके ।
ये सब लिखने के बाद ,
मैं छोड़ता कुछ खाली पन्ने ,
उन प्रेमियों के लिए ,
जो कह सके अपने दिल की बात ,
बता ना सके अपने प्रेम की परिभाषा को ,
जो उँच - नीच , अमीर - गरीब , जात -पात ,
के बेड़ियों में जकड़ दिए गए ,
अगर जरूरत पड़े ,
तो वो उन सारे पन्नों को फाड़कर ,
एक पुल बना सकें ,
मिटा सकें उस खाई को ,
जो समाज ने बना रखी है ,
और मिल सकें अपने प्रेम से ।
जो कुछ मैं वर्णमाला में नहीं समेट पाता ,
उनको छोड़ देता तुम्हारे हवाले ,
ताकि तुम भी अपनी मर्जी से कुछ ,
नए शब्दों को लिख सको ,
मेरी दुनिया में कुछ खास लिखो ,
मुझे भी तुम्हें जानने समझने का मौका मिले ।
