दुनिया के सृजन का राज़ ,
छुपा है एक घटना में ,
जिसे कहते हैं ब्लैक होल ।
ब्लैक होल अंतरिक्ष में वह जगह है ,
जहां विज्ञान का कोई नियम काम नहीं करता,
यहां बस गुरुत्वाकर्षण और अंधकार है।
इसका गुरुत्वाकर्षण ,
इतना शक्तिशाली होता है ,
जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती है।
इसके खिंचाव से,
यह प्रकाश को भी अवशोषित कर लेता है।
मतलब यह कि इसमें जो भी गया ,
वह बाहर नहीं निकल पाएगा ।
ठीक वैसे ही ,
इश्क़ का गुरुत्वाकर्षण ,
उस ब्लैक होल के गुरुत्व की तरह ही ,
शक्तिशाली होता है ।
इसमे एक जीव को मानव बनाने ,
की क्षमता होती है ।
इश्क़ रुपी ब्लैक होल में ,
हजारों कविताएँ ,
प्रेम के मुकम्मल होने की दुयाएं ,
करोड़ों यादें ,
अनगिनत ख़त ,
कुछ अधूरे कुछ पूरे,
सब कुछ समा गए ।
इश्क़ की दुनिया में ,
प्रेयसी वो ग्रह होती है ,
जिसके चारों तरफ एक प्रेमी ,
निरंतर पूरे वेग से ,
चक्कर लगाता रहता है ।
बस इस उम्मीद से ,
कि वह अपनी प्रेमिका से ,
एक रोज़ मिल सके ,
उससे दो बातें कर सके ।
एक शाम दोनों एक ही प्याली से ,
चाय पी सकें ,
दुनिया में क्या हो रहा है ,
उससे कहीं दूर ,
एक छत पर बैठ ,
सियाह काली रातों में ,
चाँद के नीचे ,
अपने सपनों में रंग भर सकें ।
एक प्रेमी के लिए चाँद ,
प्रेयसी की आँखें ,
और सितारे,
उसके चारों तरफ ,
बिखरे तिल होते हैं ।
उसके बिखरे बाल ,
प्रेमी की रातें ,
और उसकी मुस्कान ,
प्रेमी के दिन ।
उसका पूरा ब्रह्मांड ,
उसकी प्रेमिका ही होती है ।
प्रेमी चाहे जितनी भी ,
कोशिश कर ले ,
उसका अपने ऊपर ,
कोई ज़ोर नहीं चलता ,
वह तो सिर्फ ,
प्रेम के आकर्षण में डूबता जाता है।
वो उस इश़्क रुपी ब्लैक होल में ,
इस उम्मीद से गिरता जाता है ,
कि कहीं किसी रोज़ ,
उसका इश्क़ मुकम्मल हो जाएगा,
उसकी एक अपनी,
दुनिया बन जाएगी ,
और उसका अस्तित्व ,
उसी दुनिया में ,
एक रोज़ मिट जाएगा ।
इन्हीं कुछ क्रियाओं की वजह से,
एक प्रेम में डूबा इंसान,
छल ,कपट, ईर्ष्या , द्वेश जैसे ,
विनाशकारी विचारों से मुक्त हो जाता है।
उसके अंदर ,
एक नई दुनिया का सृजन होता है ,
जिसमें सिर्फ जगह होती है,
तो प्रेम की ,
और वो बन जाता है एक मनुष्य ,
पूरा हो जाता है ,
उसकी एक नई दुनिया का सृजन।

