किस मिट्टी का बना है दिया,

पैसों पर बिक जाता है,

जिन हाथों ने गढ़ा है इसको,

अंधेरे में छोड़ चला जाता है।


क्या इसको सुख-चैन वहाँ,

जिस देहरी पर मिट जाता है ?

क्या इसको कोई टीस नहीं ,

हर वक्त ये ठोकर खाता है ?


जिस मिट्टी में पला-बढ़ा ये,

क्या इसको याद वो आता है ?

जिसने अपनी नींदें खोई ,

क्या उसको भूल ये जाता है?


मिट्टी को मोल दिलाने में,

कितने सारे रात लगे,

भठ्ठी में तपकर इसे बनाया,

चाहे जितने भी आघात लगे।


दिन- दुपहरी जलता रहा वो,

ताकि दुनिया का अंधकार मिटे,

ख़ुद का ज्यादा कुछ ना सोचा,

बस सबका रौशन त्यौहार रहे।


उसको सबने ऐसे मोला ,

जैसे सबने उसपे एहसान किया है ,

सबको लगता वो मूढ़-अज्ञानी,

उसको अंधियारे का ज्ञान हुआ है ।


एक दिया अब उसका भी हो ,

जिससे रौशन संसार रहे ,

एक रौशनी उसकी भी हो ,

जीवन भर जीता जो अंधकार रहे ।