दीवारों के दिल होते हैं ,
कभी जगते हैं कभी सोते हैं ,
ये सपने भी संजोते हैं ,
उन सपनों को ये जीते हैं ,
दीवारों के दिल होते हैं ।
ये फौलादी तो बनते हैं ,
पर अंदर से मखमल होते हैं ,
ये खड़े रहे जीवन पर्यंत ,
अब थके थके से लगते हैं ,
पूछा मैंने इनसे कल ,
करना चाहे ये साथ सफर ,
ऊब गए हैं बेचारे ,
सुनना चाहें कविता सारे I
ये बोले ,
तुम अपनी ही धुन में रहते हो ,
शब्दों में क्या-क्या ढूंढते हो ,
करो कभी तुम हमसे भी बात ,
टकरा जाते हो हर एक रात I
हमको भी कुछ कहना सुनना है ,
सदियों की चुप्पी तोड़ना है ,
तुमने बांध दिए कंकड़-पत्थर ,
हम भी होते हैं बेचैन इधर I
छोटे भाई की जब शादी थी ,
हमको थोड़ी सी आजादी थी ,
सब ने हमें सजाया था ,
खुशियों में शरीक बनाया था ,
पर गली के सारे साथियों को ,
किसी ने नहीं बुलाया था ।
तुम्हारे जैसे पैर जो होते ,
हम भी मेला घूमा करते ,
जो नई इमारत आई है ,
उसको भी साथ घुमाया करते ,
पर हम तो किस्मत के मारे हैं ,
बस नैनों के पेंच लड़ाते हैं ।
जाना था हमें पड़ोस में कल ,
निकले थे किसी के प्राण उधर ,
साथी मेरा भी रोया था ,
अकेलेपन में खोया था ,
इतनी जोर से वो चीखा था ,
सैकड़ो दरारें खींचा था ,
काश! हम होते उसके साथ ,
बांट लेते थोड़ा दर्द कल रात।
धर्मो के नाम पे बांट दिया,
मोल-भाव कर छांट दिया,
और दोष भी हम पर ही लाद दिया,
बांट दिया कस्बों-देशों को ,
खत्म कर दिया मानवता को,
ऐसे तुमने पाला नफरत को ,
हम जोड़ते हर घर हर छत को।
खैर ,छोड़ो तुम हमारी बात ,
सुनाओ अपने दिल की बात ,
जो घंटों तुम हमें घूरते हो ,
तुम खुल के क्यों नहीं बोलते हो।
वैसे तो हम सब जानते हैं ,
पर सुनना तुमसे चाहते हैं ,
बेचैन बड़े तुम दिखते हो ,
ऐसा दिन भर क्या सोचते हो ?
मत सोचो दुनियादारी के इशारे ,
वर्ना बन जाओगे हम जैसे प्यारे ,
जो दिल को भाये तुम वो ही करना ,
नही किसी की तुम कुछ सुनना ।
हमपे लिखा है तुमने नाम कोई ,
हम भी ऐसा करते हैं कभी-कभी ,
जिस रोज तुम उससे मिल पाओगे ,
क्या हमारा परिचय कराओगे ?
एक बड़ी शिकायत है तुमसे ,
अब सुन लो चुप करके हमसे ,
जो अदरक की चाय बनाते हो ,
तुम अकेले ही पी जाते हो ,
बारिश में हमसे भी पूछ लिया करो ,
मौसम का तो लिहाज किया करो ।
क्या सुंदर पूनम की रात हुई है ,
हमारी तारों से भी बात हुई है ,
वो कहते हैं तुम थोड़े पागल हो ,
रातों को कविताएं लिखते हो ,
और चांद को तकते रहते हो ,
हम भी ऐसा ही करते हैं ,
जब इश्क में बावले होते हैं ।
पहले तुम बारिश में भींगते थे ,
अब छतरी लेकर चलते हो ,
चलो अच्छा है तुम जिंदा हो ,
पर पिंजरे में कैद परिंदा हो ,
सारी गिरहों को खोलो तुम ,
खुल कर जीना अब सीखो तुम ।
दीवारों के भी दिल होते हैं,
हर मुश्किल में शामिल होते हैं,
कभी हंसते हैं कभी रोते हैं,
ये पत्थर नहीं गुलशन होते हैं,
ये हमसे कहीं बेहतर होते हैं,
दीवारों के भी दिल होते हैं ।

