उसे अक्टूबर पसंद है,
सुबह के हल्के-से कोहरे की चादर में
लिपटा हुआ शहर,
पारिजात की धीमी-धीमी ख़ुशबू,
जैसे कोई ख़ामोशी से आकर
पास बैठ गया हो।
दोपहर की तपती धूप के बीच
हल्की-सी ठंड का उतरना,
जैसे किसी सुकून भरी उम्मीद ने
चुपके से दस्तक दी हो।
ठंडी पड़ती शामों में
यादों का फिर शोर मचाना,
बालकनी के किसी कोने में
चाँद का लुका-छिपी खेलना,
इन्हीं वजहों से,
उसे अक्टूबर पसंद है,
इसलिये मुझे वो पसंद है।
