ऐसा भी क्या होता होगा ,

तारे जुगनू बन आते होंगे,

भाग-दौड़ कर इस धरा पर,

चंद्रमा को ही ढूंढते होंगे ?


क्या पतझड़ में पत्ते गिर कर,

अपनी थकन मिटाते होंगे ,

क्या नये नवेले पत्तों के रंग,

इन पेड़ों को भाते होंगे ?


चंदा अपने पत्थर होने का ,

दुख किससे कहता होगा ,

क्या वो चकोर की चाहत को ,

कभी मिटाना चाहता होगा ?


क्या आंखों से झलका आंसू ,

किसी समंदर का हिस्सा है ,

या धरती का हर एक समंदर ,

पर्वत की पीड़ा भरता है ?


क्या तेजी से बहती ये हवायें ,

पकड़म-पकड़ाई खेलती होंगीं ,

या फिर हीर की यादों को लादे,

रांझे को गले लगाती होंगीं ?


क्या ये सारे बदलते मौसम ,

किसी कैनवास पर बिखरे रंग हैं,

या धरती ने जो ओढ़ी है ,

उसी चुनरिया के ये रंग हैं ?


क्या फूलों की ख़ुशबू ओढ़े ,

पेड़ों को किसी से मिलना होगा ,

या किसी प्रेमी के काबिल बन ,

धूप में छाया बनना होगा ?


क्या बादलों के टकराने पर,

उनके आंसू ही बरसते होंगे ,

या वो धरती को तपता देख ,

ख़ुद को ही पिघलाते होंगे ?


क्या आसमां में जलता सूरज ,

दरिया में डूबना चाहता होगा ,

क्या गंगा के ना मिलने पर ,

किस्मत पर आग-बबूला होगा ?


क्या हमारे सारे पूर्वज ,

आसमान में बस जाते होंगे ,

वो हमारे सही-गलत का ,

हिसाब डायरी में लिखते होंगे ?


क्या कोई अपने प्रेम को ,

कविताओं में ढूंढता होगा ,

ऐसा निष्छल प्रेम भी कोई ,

क्या किसी से करता होगा ?


क्या आसमान में बैठा कोई ,

ये सारी नौटंकी रचता होगा ,

क्या उसकी महफिल में बैठे ,

कोई हमपे हंसता होगा ,

ऐसा भी क्या होता होगा ?