अब मै तुमको कितना लिखूँ ,

जितना लिखूँ कम पड़ता है ,

नील गगन और तारों में ,

रौशन चन्दा मध्यम पड़ता है।

पारिजात के खुशबू में ,

शहर भी अब गुमसुम रहता है ,

अब मै तुमको कितना लिखूँ ,

जितना लिखूँ कम पड़ता है ।


यादों की चारदीवारी में ,

दिल का मौसम नम रहता है ,

जीवन की इस कहानी में ,

दुशवारी का आलम रहता है ,

इश्क़ की इस खुमारी में ,

थोड़ा-थोड़ा ग़म रहता है ,

अब मै तुमको कितना लिखूँ ,

जितना लिखूँ कम पड़ता है ।


पर्वत की शोख अदाओं में ,

सन्नाटों का मेला लगता है ,

उफ़ुक़ पे ढलते सूरज का ,

अलविदा बेढंग लगता है ,

नदिया के दो किनारों सा ,

अपना मिलन लगा रहता है,

तुमको अब मै कितना लिखूँ ,

जितना लिखूँ कम पड़ता है ।


बीतते सावन के मौसम में,

हर दिन बस सूखा पड़ता है ,

तेरी चुनरी जैसे खेतों में,

सारा कुछ बंजर रहता है ,

जिन बागों में बैठे थे हम-तुम,

रातों में वहां लू चलता है ,

अब मै तुमको कितना लिखूँ ,

जितना लिखूँ कम पड़ता है ।


गुलाब जो खिलता है गुलशन में ,

उसका हर कांटा चुभता है ,

महफ़िल में बैठा हर शायर,

दर्द-ए-दिल को क्यूँ कहता है ,

कलम से बहता है जो स्याही ,

तेरा काजल क्यूँ लिखता है ,

अब मै तुमको कितना लिखूँ ,

जितना लिखूँ कम पड़ता है ।


आवाज़ जो तेरी सुन लेता हूँ ,

दिल उससे वज़ू करता है,

इश्क़ के सात मुकामों को वो ,

हर धड़कन जीया करता है,

ख़ुदा से जो लड़ता रहता था ,

उसको शब भर ढूँढा करता है,

अब मै तुमको कितना लिखूँ ,

जितना लिखूँ कम पड़ता है ।


दिल को भी समझाना मुश्किल,

ये दुनियादारी नहीं पढ़ता है ,

दिनभर दरवाज़े पर रहता,

दुआओं में तुम्हें माँगा करता है ,

कहता है कि रब ही सब है ,

वो सारी कोशिशें देखता है ,

अब मै तुमको कितना लिखूँ ,

जितना लिखूँ कम पड़ता है ।