अजब-अनोखी प्यारी दुनिया,

लगती सबसे न्यारी दुनिया,

इस दुनिया के खेल नवेले,

जीव-जंतु प्यारे अलबेले।


अजब-गजब हैं रंग धरा के,

कैसे खेल खिलाती है,

टीचर कहती गोल है दुनिया,

मुझको चपटी लगती है।

 

इस दुनिया में कैसे-कैसे,

पशु-पक्षी हैं भरे पड़े,

कोई छोटा कोई मोटा,

जाने कैसे रंग भरे।

 

लंबी गर्दन है जिराफ की,

ऐसी जैसे हो खंभा,

जंबो हाथी इतना भारी,

लेना मुश्किल है पंगा।