मैं पसीने से लथपथ कोई किसान,
मेरे खेत का अनाज हो तुम,
मेरे साथ सदियों तक जो चलता जायेगा,
मेरे जीने का रिवाज़ हो तुम।
एक उत्तर जिसका ढूंढ रहा हूँ भीतर अपने,
जाने कैसी उलझन, सवाल हो तुम,
तुम्हारे कोलाहल में भी पुलकित होता मन है,
कौनसे झरने की आवाज़ हो तुम ?
तपती धुप का मुसाफिर मैं हूँ,
शीतल शीतल साँझ हो तुम ,
तुम्हे लेके चलूँ तो नवाब लगूं,
कोई शाही सा अंदाज़ हो तुम ,
फ़कीर को जिस तरह होता है ईश्वर पर,
ऐसा एक अखंडित विश्वास हो तुम,
मर जाते कबके शब्द मेरी कविताओं के,
मेरी भाषा की चलती सांस हो तुम,
खूबसूरत नज़र आता है अंत इसका,
मेरी जीवनी का आगाज़ हो तुम,
जब ऊर्जा से संपूर्ण हो जाता हूँ,
कोई बड़ी बाज़ी जीत जाता हूँ,
शाम को मंदिर का दिया जलाता हूँ,
लगता है कि आसपास हो तुम।