देखना तो आता है, देखने का नजरिया सिखाता है,
चलना तो आता है, पर चलने का तरीका बताता है,
राहों में अड़चन लाख होंगी मगर,
गिरकर फिर से संभलना सिखाता है,
नन्हीं अंगुलियों में कलम को थमाकर,
नया इतिहास रचना सिखाता है।
गुरु हमारा, हमें सही राह दिखाता है।
राष्ट्रसेवा, भाईचारा, खुशियों का पिटारा,
सफलता की कुंजी पर हक है तुम्हारा,
अधिकार बतलाकर कर्तव्य भी सिखाता है,
दिल में दया, ज्ञान मति में भर जाता है,
गुरु हमारा, हमें सही राह दिखाता है।
चंदा मामा से चंद्रयान तक ले आता है,
गरीब बालक को सपने सच करना सिखाता है,
सोने की चिड़िया को फिर उड़ना सिखाता है,
वसुधैव कुटुंबकम की सोच से विश्वगुरु बनाता है,
इंसान को इंसान बने रहना सिखाता है,
शिखर पर पहुंचकर डटे रहना सिखाता है,
गुरु हमारा, हमें सही राह दिखाता है।
निर्देश कुमार (शिक्षक)

