ये खुदा,जमीं,ये आसमां,तेरे भी हैं मेरे भी हैं
जिन्दगी के यहाँ कारवां, तेरे भी हैं मेरे भी हैं।
न रोशनी जागीर किसी की,न खुशबू का देश
शहर के सारे बागवां, तेरे भी हैं मेरे भी हैं।
ये तो सफर ही था ,कोई तेज कोई धीरे चला
कदमों के तो यहाँ निशां, तेरे भी हैं मेरे भी हैं।
सब कुछ हासिल हो जाए,ऐसा तो नहीं होता
यहाँ अधूरे कुछ अरमां, तेरे भी हैं मेरे भी हैं।
परिन्दों सी किस्मत कहाँ,शाम ढले घर आयें
बेरौनक से कुछ मकां, तेरे भी हैं मेरे भी हैं।
हकीकतों से रिश्ता है,नाता नहीं कोई लेकिन
ख्वाब हसीं और जवां, तेरे भी हैं मेरे भी हैं।
रोग ये खुद्दारी का हमें कैसे और क्यूँ लगा
घरवाले अब परेशां , तेरे भी हैं मेरे भी हैं।
तिजारती हुआ शहर, इससे हम कहाँ जुदा
कुछ रिश्ते यहाँ कुर्बां , तेरे भी हैं मेरे भी हैं।
हर मकां है रियासत, हर शख्स इक नवाब
यहाँ अपने अपने जहां, तेरे भी हैं मेरे भी हैं।
बेवजह की फिक्र, सबको अपने वजूद की
नखरे यूँ ही खामखां , तेरे भी हैं मेरे भी हैं।
किस्से अपने किस्से ही हैं, मिल ही जाते हैं
यहाँ, वहाँ, नहीं कहाँ, तेरे भी हैं मेरे भी हैं।
अना की आग में कितने ही रिश्ता फना हुए
वो भूले बिसरे हमनवा, तेरे भी हैं मेरे भी हैं।
ईश्वर को खुदा कहें या खुदा को कहें ईश्वर
ख्याल ऐसे खुशनुमा , तेरे भी हैं मेरे भी हैं।