मेरी गज़ल का कोई दाम नहीं है
लिखना इश्क है,इश्क काम नहीं है।
दिमाग के रंग में ये रंगने लगा है
बेवजह ही दिल परेशान नहीं है।
हँसी खरीदते हैं , बेचते हैं आँसू
कौन सा चेहरा यहाँ दुकान नहीं है।
इक चोरी हुई ,की है तुमने शायद
जुर्म ये ऐसा ,कोई इल्जाम नहीं है।
किरदार कहानी के सच्चे थे शायद
उनकी चर्चा तो है,सरेआम नहीं है।
बरसों लगे हैं जो ये सब्र का फल है
कोई लीची,पपीता या आम नहीं है।
पूरी शिद्दत,इज्जत से जीना है मुझे
मैं नंगा नहीं ,दुनिया हमाम नहीं है।
इंतजार करें अभी मर्सिये,कसीदे
मेरा किस्सा अभी तमाम नहीं है।
आदाब और प्रणाम मज़हबी हुए
अजनबी से दुआ सलाम नहीं है।