जब भी तुम्हारी ये कलम
गुनगुनाती है इन कागजों पर
कभी तो सिहर जाता हूँ
कभी महक जाता हूँ
कभी छलक जाता हूँ
खुद की आँखों से
कभी सैर भी हो जाती है
उन वादियों की
जहाँ पहले तो मैं कभी न गया
कभी कभी खुद में
कैद भी तो हो जाता हूँ
और कभी आजाद ऐसा
हफ्ते लग जाते हैं
वापिस आने में
कभी इस कदर शीतल
धूप भी ठंडक लेती है मुझसे
कभी तपा हुआ इतना
मेरी साँसें जला देती हैं
सारा मंजर मेरे पास का
ये कलम तुम्हारी
भला क्या गुनगुनाती है
कितने और किस तरह के
गीत हैं इसके पास।
ऐसा भी तो होता है
जब ये कलम तुम्हारी
गुनगुनाना बंद कर देती है
मैं फिर हो जाता हूँ
एक बंद गठरी की तरह
तुम कहती हो मैं प्रेरणा हूँ
तुम्हारी कलम की
मुझे लगता है मैं जिंदा होता हूँ
तुम्हारी कलम से
ये किसकी जान किसमें अटकी है।
जो भी हो
कोई शिकायत नहीं
मुझे इस रहस्यमयी रिश्ते से।