इस शहर में सड़कों के जाल हो गए
मगर सैर के ठिकाने मुहाल हो गए।
जिन बच्चों को पाला था शिद्दत से बहुत
उनके ही अब जी के जंजाल हो गए।
जो मौसमी रिश्ते ही,हासिल हैं दौलत के
बहुत खुश हैं के हम कंगाल हो गए।
बेगैरत ,बेरूखों को न ढूँढो यहाँ वहाँ
अब सरकार में वो सारे बहाल हो गए।
छोटा दिल,गहरी जेब और सोच टेढ़ी सी
खूबियां जिनमें ये सब,वो कमाल हो गए।
अना की चिंगारी पे मारो प्रेम के छींटे
इस आग में कितने रिश्ते पामाल हो गए।
आसानी तरकीब है इस नए जमाने की
सवाल पूछनेवाले अब सवाल हो गए।