इस दुनिया में सरल होना
जैसे कीचड़ में कमल होना।
गुलाब बनिए ,फिर देखिए
टूट कर मुकम्मल होना।
इस रिश्ते का सफ़र जैसे
इक बद्दुए का गज़ल होना।
घर में बच्चे पलें न ऐसे
जैसे खेत की फ़सल होना।
बड़ा खूनी सफ़र था वो
इक गाँव का शहर होना।
आसाँ नहीं,वक्त समझाएगा
वीराँ गली का शजर होना।